फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मजदूर की मौत पर नेशनल हाईवे पर हंगामा, तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
जहानाबाद (पीलीभीत)। डीसीएम की टक्कर से खेत से लौट रहे एक मजदूर की मौत और दूसरे के गंभीर रुप से घायल होने के बाद बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों संग जमा हुए गुस्साए ग्रामीणों ने डिवाइडर की मांग को लेकर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। चालक से धक्का-मुक्की करने के साथ ही डीसीएम में भी तोड़फोड़ की गई। इसकी सूचना पर पहुंची जहानाबाद पुलिस ने बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विज्ञापन

जहानाबाद थाना क्षेत्र के बारातबोझ गांव निवासी नन्हें लाल उर्फ अन्ने (18) पुत्र रामचंद्र मजदूरी करते थे। इसके अलावा परिवार के पास गांव से आधा किलोमीटर बाहर की तरफ दो बीघा जमीन है, जिसमें खेती किया करते थे। शुक्रवार सुबह नन्हें लाल पड़ोस के ही रहने वाले रिश्तेदार 35 वर्षीय कालीचरन के साथ खेत पर गया था। दोपहर करीब एक बजे दोनों पैदल खेत से वापस घर आ रहे थे। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर बारातबोझ गांव के पास पहुंचते ही पीलीभीत की ओर से आ रही डीसीएम ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में नन्हें लाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि कालीचरन गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद जमा हुए ग्रामीणों ने डीसीएम को मय चालक पकड़ लिया। आनन-फानन में घायल कालीचरन को सीएचसी जहानाबाद भिजवाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, हादसे की खबर पर परिजन भी आ गए। जिसके बाद नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की भीड़ आक्रोशित हो गई और डीसीएम के शीशे तोड़ दिए। चालक से भी धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसकी सूचना पर जहानबाद पुलिस पहुंची और जैसे-तैसे चालक को हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। डीसीएम को भी घटनास्थल से दूर खड़ा कराया गया। परिजनों संग जाम लगाने वाले ग्रामीणों ने पुलिस से हाईवे पर डिवाइडर बनवाने की मांग की और जाम लगाए रहे। पुलिस ने काफी समझाया, लेकिन नहीं माने। संख्या बढ़ती देख अमरिया पुलिस को भी बुला लिया गया। करीब एक घंटे बाद इंस्पेक्टर जहानाबाद एसके सिंह के समझाने पर सभी शांत हुए। जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एनएच पर दोनों ओर लग गईं वाहनों की कतार
परिजनों और ग्रामीणों के प्रदर्शन को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। पहले हादसे के बाद हुए हंगामे में एक घंटा वाहनों की आवाजाही ठप रही। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम खुलने के बाद भी ट्रैफिक को रफ्तार पकड़ने में आधा घंटे का समय लग गया।
विज्ञापन

हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
मृतक नन्हें लाल चार भाईयों में सबसे छोटा अविवाहित है। उसके तीन बहनें हैं, सभी की शादी हो चुकी है। घर से हंसी-खुशी खेत पर जाने की बात कहकर निकले नन्हे लाल की हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल कालीचरन पड़ोसी होने के साथ-साथ पीड़ित परिवार के रिश्तेदार भी हैं। वह नन्हे लाल की भाभी के चाचा हैं।
डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भी पुलिस की हिरासत में हैं। परिजनों को समझाकर शांत करा दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसके सिंह, इंस्पेक्टर जहानाबाद
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें