दूसरे की जमीन का जालसाजों ने अपनी बताकर एक महिला से 2.30 लाख रुपये में सौदा कर लिया। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज बनवाकर प्लाट का बैनामा करा दिया और रकम ले ली। पति की मौत के बाद जालसाजी का पता लगने पर जब रुपया वापस मांगा तो जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कर ली है।
माधोटांडा क्षेत्र के शाहगढ़ की रहने वाली गुरबक्श कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2009 में उनको सुनगढ़ी क्षेत्र के तेल मिल कॉलोनी निवासी ऋषि महाजन, ऋतु महाजन और ऋषि की मां गीता रानी ने असम हाइवे पर बरहा गांव के पास एक प्लाट अपना बताकर दिखाया। उसका सौदा गुरबक्श कौर के पति से 2.30 लाख रुपये में कर लिया। रकम लेने के बाद बैनामा भी करा दिया। वर्ष 2013 में पति गुरमुख सिंह ने प्लाट पर निर्माण कराने के लिए प्लाट की नाप-जोख और दाखिल खारिज कराने को कहा तो आरोपियों ने मना कर दिया। इस बीच गुरमुख की मौत हो गई। बाद में गुरबक्श कौर को पता लगा कि प्लाट आरोपियों का है ही नहीं। उन्होंने दूसरे का प्लाट अपना बताकर बेच दिया है। जालसाजी का पता लगने पर गुरबक्श कौर ने रुपये वापस मांगे तो पहले उन्हें दो साल तक टरकायेा गया। बाद में रुपये देने से इंकार कर दिया। तीन अप्रैल, 2016 को उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।