थाना क्षेत्र के हथौड़ा चौराहे पर शनिवार रात को लापता युवक के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर डटे हुए थे। रात करीब सवा दस बजे एसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ सिटी आदेश त्यागी मौके पर पहुंचे एवं केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ समुचित विधिक कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि शिकायतकर्ता की चौकी में सुनी नहीं गई और अभद्रता की गई। अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लेेते हुए कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। पुलिस के अनुसार, ग्राम हथौड़ा निवासी नरेश ने अपनी तहरीर में बताया कि उसका भाई वित्तराम (22) गांव के ही परिचित युवकों के साथ बीते 31 मई की रात को ग्राम हथौड़िया गया। बाकी के साथी तो लौट आए लेकिन इसका भाई नहीं लौटा। इसे अंदेशा है कि साथ गए युवकों ने इसके भाई को मारकर उसकी लाश गायब कर दी है। थाने में केस दर्ज करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।