प्रेमी के दोस्त ने किशोरी को नदी में दिया धक्का
- नहर में डूब रही किशोरी को सोमवार को राहगीरों ने बचाया था
- सीडब्ल्यूसी के निर्देश पर किशोरी को बाल सुधार गृह भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। सोमवार को नहर में डूब रही किशोरी को दो युवकों ने अपनी जान पर खेलकर बचाया था। किशोरी के सकते में होने के कारण युवक उसे कोतवाली ले गए थे। पूछताछ में उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह बहराइच के एक गांव की रहने वाली है और प्रेमी के साथ यहां आई थी। प्रेमी उसे छोड़कर भाग गया, प्रेमी का दोस्त उसे बाइक पर बैठाकर जबरदस्ती ले जा रहा था, उतारने की जिद पर उसे नहर में धक्का दे दिया। घर वापस न जाने की जिद पर किशोरी को चाइल्ड लाइन सब सेंट के सदस्यों के हवाले कर दिया गया था। बाद में उसे सीडब्ल्यूसी के निर्देश पर बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
सोमवार शाम करीब चार बजे हरदोई ब्रांच नहर में डूब रही किशोरी को देखकर दो लोगों ने नहर में छलांग लगाकर उसकी जान बचाई थी। किशोरी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया था। इंस्पेक्टर इंद्रमोहन बडौला ने बताया कि पूछताछ में किशोरी अपना नाम बदल-बदल कर बता रही थी। किशोरी के घर न जाने की जिद पर उसे चाइल्ड लाइन सब सेंटर से संबंधित विनोबा सेवा आश्रम के लोगों को सौंप दिया गया। विनोबा सेवा आश्रम के अरविंद ने बताया कि किशोरी को मंगलवार को चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के सामने पेश किया गया। वहां उसने अपने को बहराइच के एक गांव का निवासी बताया। साथ ही बताया कि 18 जनवरी को वह गांव के ही युवक के साथ घर छोड़कर आई थी। प्रेमी ने कुछ दिन मैलानी में एक कमरा किराए पर लेकर साथ रखा। इसके बाद उसको छोड़कर चला गया। कमरे पर पहुंचे प्रेमी के एक मिलने वाले युवक ने उसको बातों में फंसाकर बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में उसने बाइक से कूद जाने की धमकी दी। आरोप है कि प्रेमी के दोस्त ने ने उसे नहर के पास उतारने के बाद धक्का दे दिया था। इसको लेकर जांच कराई जा रही है।