बीसलपुर (पीलीभीत)। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की शहर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।
बंडा (शाहजहांपुर) के सिसौरा-सिसौरी गांव निवासी इंद्रपाल ने बताया कि उनकी 23 वर्षीय पुत्री शिवानी की शादी दो साल पूर्व दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के गांव बसेंगा निवासी अरविंद से हुई थी। शुक्रवार दोपहर को उनको एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी शिवानी को ससुराल वाले मारपीट करने के बाद तबीयत बिगडने पर कार से ले गए हैं। इस पर उन्होंने ससुराल वालों को फोन किया। इसमें शिवानी के फंदा लगाने के बाद तबीयत बिगडने पर गांधी स्टेडियम रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती होने की बात कही। परिवार के लोग तत्काल अस्पताल पहुंच गए। यहां शिवानी मृत मिली। परिजनों का आरोप है कि विवाहिता के गले में फंदे का कोई निशान नहीं है। ऐसे में उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला चूंकि दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र का है। इसलिए वहां की पुलिस को खबर दे दी गई है। अग्रिम कार्रवाई दियोरियाकलां पुलिस करेगी। अभी कोई लिखित शिकायत हमको नहीं दी गई है।