पीलीभीत। हजारा थाना क्षेत्र के नहरोसा फार्म के निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि एक जून को चकलौआ फार्म- कोठिया गोंदिया के रहने वाले भगवंत सिंह, सुखवीर सिंह समेत चार-पांच युवक उनके 19 वर्षीय पुत्र गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को बाइक से शारदा नदी की तरफ ले गए। दोपहर करीब दो बजे बेटे ने फोन कर बताया कि वह शारदा नदी कि किनारे बैठा है, बाकी लोग नहा रहे हैं। इस पर पिता ने गुरप्रीत से शारदा में नहाने के लिए मना कर दिया था। गुरप्रीत ने कुछ देर में घर आने की बात कही और फोन काट दिया। इसके बाद से फोन स्विच ऑफ बता रहा है। देर शाम को गुरप्रीत के साथियों ने उसके डूबने की खबर परिजनों को दी। आरोप है कि जब परिजन उसके बारे में पता करने के लिए गए तो आरोपियों ने झगड़ा शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर खीम सिंह जलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ गए लोगों के घर से गुरप्रीत के कपड़े और मोबाइल बरामद हुआ।
युवक के शारदा नदी में डूबने की सूचना मिली है। इस पर एसएसबी की मदद से तलाश कराई जा रही है। सीओ पूरनपुर की अगुवाई में पुलिस बल मौके पर लगाया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - मनोज कुमार सोनकर, एसपी