पीलीभीत। गांव पटनियां में रविवार दोपहर बाइक की टक्कर से एक छात्र की मौत हो गई।
कोतवाली की चुर्रासकतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव पटनिया निवासी गोपाल दास गुर्जर ने बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा आशीष कुमार गांव के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। वह रविवार दोपहर साइकिल से चुर्रासकतपुर जा रहा था। गांव से बाहर निकलते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक आशीष की साइकिल से टकरा गई। हादसे में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बाइक सवार बाइक छोड़कर खेतों से होता हुआ भाग गया।
सूचना मिलते ही आशीष के घरवाले मौके पर पहुंच गए। वह इलाज के लिए आशीष बरेली ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गोपाल दास ने कोतवाली में मामले की तहरीर दे दी है, इसमें बाइक सवार को अज्ञात बताया गया है। तहरीर में बाइक के नंबर का भी उल्लेख नहीं किया गया है, क्योंकि बाइक पर नंबर ही नहीं है। पुलिस ने शव को सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। कोतवाल जेपी सिंह ने बताया कि बाइक के चेसिस और इंजन नंबर के जरिए उसके मालिक का पता लगाया जाएगा। आशीष के पिता गोपाल दास, मां क्रांति देवी और छोटे भाई सुमित कुमार का हादसे के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है।