सस्ता सुलभ न्याय दिलाना हम सबका दायित्व
पीलीभीत। जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीएस पटेल ने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग न्यायपालिका की ओर आशा भरी दृष्टि से देखता है। जन सामान्य को समय रहते सस्ता और सुलभ न्याय दिलाना हम सबका दायित्व है।
जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के नवनिर्मित सभा कक्ष के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जिला जज ने कहा कि अधिवक्ताओं को वादकारियों के हित में हड़तालों में कमी करनी चाहिए। सभी को मिलकर पुराने मुकदमों का शीघ्रता से निस्तारण करना चाहिए। नागरिकों को बेहतर न्याय दिलाना सबका दायित्व है। कुछ लोग कई-कई साल से जेल में बंद हैं। ऐसे लोगों के मुकदमों की शीघ्र सुनवाई कराने के लिए अधिवक्ताओं को बेहतर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि नए अधिवक्ताओं को मेहनत कर अपने विषय की जानकारी कर व्यवसाय में अच्छा स्थान बनाना चाहिए। एसपी मनोज कुमार सोनकर ने कहा कि सभी के सहयोग से जन सामान्य को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। लोगों में पुलिस का विश्वास और अधिक मजबूत किया जाएगा। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ला ने कहा कि बार बेंच मिलकर नागरिकों को बेहतर न्याय दिलाने को कृतसंकल्प है। इस मौके पर स्पेशल जज एससीएसटी एक्ट रामचंद्र, स्पेशल जज ईसी एक्ट विजय कुमार गुप्ता, स्पेशल जज गैंगस्टर एक्ट राकेश कुमार, सीजेएम अनुराधा पुंडीर, शासकीय अधिवक्ता धीरेंद्र मिश्र, सेंट्रल बार अध्यक्ष शिव शर्मा, सिविल बार अध्यक्ष स्नेहलता तिवारी, अधिवक्ता वीडी पांडेय, अजय कुमार सक्सेना, मोहतश्मि मलिक, एमए कादरी, आरएच फरहान, गुरसरन वर्मा, एमएल शर्मा, सुरेंद्र मोहन ने विचार रखे। संचालन सचिव महेश चंद्र शर्मा ने किया।