विदेश भेजने के नाम पर 11 लाख ठगे, रिपोर्ट
बीसलपुर। बेरोजगार युवक को विदेश भेजने के नाम पर उससे 11 लाख रुपये ठग लिए गए। साढ़े आठ माह बाद कोतवाली पुलिस ने विधायक के कहने पर मामले की रिपोर्ट शुक्रवार को दर्ज कर ली है।
मोहल्ला दुर्गाप्रसाद की पंजाबी कॉलोनी निवासी जसवंत सिंह ने बताया कि उनके बेरोजगार भतीजे कुलदीप सिंह को विदेश भेजने के नाम पर दो जालसाजों ने 11 लाख रुपये मांगे थे और माह जनवरी 2018 को चार लाख रुपये बतौर पेशगी ले लिए। उसके बाद जालसाज 25 फरवरी 2018 को विदेश भेजने के नाम पर कुलदीप सिंह को अपनी कार में बिठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने कुलदीप सिंह को जमकर प्रताड़ित किया और कुलदीप से अपने चाचा को गलत ढंग से यह फोन करा दिया कि वह कनाडा पहुंच गया है और उन लोगों को शेष पांच लाख रुपये दे दिए जाएं। कुलदीप का फोन आते ही जसवंत सिंह ने जालसाजों को शेष पांच लाख रुपये भी दे दिए। कई दिन बाद किसी तरह कुलदीप जालसाजों के चंगुल से छूटकर घर आया और घरवालों को पूरे मामले की जानकारी दी। घरवालों ने कुछ प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई। तब कहीं जाकर जालसाजों ने बमुश्किल साढ़े पांच लाख रुपये वापस किए। जालसाजों ने बाकी रुपये बाद में देने की बात कही। उसके बाद जब घरवालों ने जालसाजों पर शेष रुपया देने का दबाव बनाया, तभी जालसाजों ने शेष रुपया देने से मना कर दिया और कानूनी कार्रवाई करने पर कुलदीप को जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद घरवालों ने कोतवाली पुलिस के काफी चक्कर लगाए, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। जसवंत सिंह ने गुरुवार को भाजपा विधायक रामसरन वर्मा को इस संबंध में लिखित शिकायती पत्र दिया। विधायक ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। कोतवाल माधौ सिंह विष्ट ने बताया कि विधायक के कहने पर धोखाधड़ी और जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव सौंधा गौटिया निवासी लवप्रीत सिंह और थाना गजरौला क्षेत्र के गांव तकिया निवासी रनवीर सिंह को नामजद किया गया है।