बिजनौर। पुलिस ने फैक्ट्री स्वामी की आंख में मिर्ची का पाउडर डालकर लूटपाट करने वाले एक लुटेरे को दबोच लिया। लूटी गई रकम, ब्लैंक चेक, मोबाइल और लूट में इस्तेमाल की बाइक भी बरामद की है।
एसपी सिटी दिनेश सिंह के मुताबिक नजीबाबाद में 25 मार्च को जलालाबाद के मोहल्ला गुलिस्तान निवासी मोहम्मद इदरीश स्कूटी से अपनी फैक्ट्री ताज फ्लाई बोर्ड जा रहे थे। सिटी पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्ची का पाउडर डाल कर दो लाख रुपये और आईडीबीआई बैंक के तीन ब्लैंक चेक लूट लिए थे। नजीबाबाद कोतवाली के प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा की अगुवाई में पुलिस ने शनिवार को आजाद चौक के पास से नजीबाबाद क्षेत्र के गांव कल्हेड़ी निवासी सलीम को दबोचकर उसके पास से लूटे गए 48730 रुपये, आईडीबीआई बैंक का ब्लैंक चेक और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली हैं। सलीम ने पुलिस को बताया कि गांव के ही मोहम्मद इस्लाम और नजीबाबाद के मोहल्ला सबनीग्रान निवासी शाकिर के साथ उसने लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसके हिस्से में लूट के 60 हजार रुपये, ब्लैंक चेक आया था। 70-70 हजार बाकी दोनों बदमाशों के हिस्से में आए थे। बाकी रुपये खर्च हो गए। पुलिस फरार बाकी बदमाशों की तलाश में जुटी है।