बरखेड़ा थाना क्षेत्र के अमेड़ी नदी के निर्माणाधीन पुल के चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने ठेकेदार पर हत्या करने अथवा कराने का शक जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर निवासी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम टिकरीमाफी सोधा मार्ग पर पड़ने वाली अमेड़ी नदी पर पुल का निर्माण चल रहा है। इस पर उसका 20 वर्षीय बेटा बंटू चौकीदारी एवं मुंशी का काम करता था। वह 24 घंटे निर्माण स्थल पर ही रहता था। राकेश का आरोप है कि ठेकेदार शेरअली खां ने उस पर कुछ दिन पहले डीजल चोरी का आरोप लगाया था। इसके बाद उसने अपनी बहन की शादी के लिए रुपये मांगे तो देने से इंकार कर दिया। रुपये न देने पर उसके पुत्र ने काम छोड़ने की चेतावनी दी थी। इससे ठेकेदार उससे रंजिश मानने लगा था। दोपहर को उसका शव निर्माण स्थल के निकट पड़ा पाया गया। उसके कान से खून बहता मिला। शव मिलने पर सूचना पर एसएचओ जसवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि ट्राली से सरिया उतारने के दौरान बंटू गिनती कर रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर के आगे बढ़ने पर सरिया का एक सिरा उसके कान के पास जाकर लगा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर मृतक के पिता राकेश ने देरशाम पुलिस को पुलिस को तहरीर देकर ठेकेदार पर उसकी हत्या करने अथवा कराने का शक जाहिर करते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है लेकिन शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।