पीलीभीत। ननिहाल से छोटी बहन के साथ पैदल घर लौट रही 15 वर्षीय किशोरी के गांव के ही दो युवकों ने मोबाइल से फोटो खींचना शुरू कर दिए। इसका विरोध करने पर आरोपी झगड़ने लगे। इस बीच छोटी बहन भागकर घर आ गई परिजनों को जानकारी दी। उधर, आरोप है कि बड़ी बेटी को आरोपी खींचकर पास के खेत में ले गए, जहां एक आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता से जानकारी करने के बाद परिजनों आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। दूसरे दिन घटना की नामजद तहरीर देकर किशोरी की मां ने सख्त कार्रवाई की मांग की। इसपर पुलिस घटना की जांच में जुटी है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री शुक्रवार शाम करीब चार बजे ननिहाल से लौटकर पैदल घर आ रही थी। उसके साथ उसकी 13 वर्षीय छोटी बहन भी थी। घर के नजदीक पहुंचने पर रास्ते में गांव के ही दो युवक पहले से खड़े थे। उन्होंने फोन से किशोरी के फोटो खींचना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर आरोपी झगड़ने लगे। यह देख छोटी बेटी दौड़कर घर आ गई। उधर, आरोपियों ने बड़ी बेटी को पकड़ लिया। आरोप है कि पास के गन्ने के खेत में खींचकर ले गए और एक आरोपी ने दुष्कर्म किया। दरिंदगी करने के बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। छोटी बेटी से सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। वहां खुद के साथ हुई दरिंदगी की घटना को बड़ी बेटी ने बताया। उससे जानकारी करने के बाद आरोपी के घर गए, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इंस्पेक्टर बरखेड़ा एसके उपाध्याय ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम चार बजे की बताई गई है, जबकि तहरीर दूसरे दिन आकर दी है। ऐसे में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच पड़ताल के लिए पुलिस गांव भेजा गया है। जांच कर सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।