बीसलपुर। रंगदारी न देने पर दबंगों ने भट्ठा मालिक की पिटाई कर दी। उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पीलीभीत की बल्लभनगर कॉलोनी निवासी रितेश कुमार का बीसलपुर में बिलसंडा नहर तिराहे के पास भट्ठा है। मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी के कुछ दबंग उनसे पिछले काफी समय से एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। रंगदारी न देने पर दबंगों ने 28 जनवरी को भट्ठे पर पहुंचकर रितेश की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक संजीव उपाध्याय ने बताया कि मामला रंगदारी और मारपीट का नहीं है। रितेश ने कुछ समय पहले अपना भट्ठा कुछ लोगों को किराए पर दिया था। अब वे लोग भट्ठे से कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। इसी को लेकर विवाद है।