बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर के इसी निर्माणाधीन भवन में गड़ा मिला शव।
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। मोहल्ला ग्यासपुर के निर्माणाधीन मकान में बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। इसकी पहचान नहीं हो सकी। हत्या कर लाश दबाए जाने की बात कही जा रही है। लेकिन पुलिस अभी इस विषय में कुछ नहीं बोल रही है। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
मोहल्ला ग्यासपुर में बाईपास रोड के निकट निर्जन इलाके में मोहल्ला ग्यासपुर के ही सलीम के निर्माणाधीन घर के खुले बरामदे के पास बुधवार को दोपहर खेल रहे बच्चों ने मिट्टी में दबे युवक का हाथ देखा। आदमी का हाथ देखते ही बच्चों ने तत्काल घर आकर परिजनों को बताया। यह बात पूरे मोहल्ले में फैल गई। भीड़ जमा हो गई। कोतवाल नरेश त्यागी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जमीन खुदवाकर शव निकलवाया। पुलिस के अनुसार शव लगभग 30 वर्षीय युवक का है। शव पूरी तरह से सड़ गल गया था, जिससे उसका चेहरा स्पष्ट नहीं था। कपड़ों में पूरी तरह मिट़्टी लगी थी। सीओ प्रशांत सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर कोतवाल को अतिशीघ्र शिनाख्त कराने के निर्देश दिए। लोगों का कहना है कि हत्या करके शव को मिट्टी में दबा दिया। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।