पीलीभीत। शहर में एक महिला को एक युवक अपनी बातों में फंसाकर अपने साथ भगा ले गया। महिला अपने साथ में दोनों बच्चों के अलावा मकान को गिरवी रखकर 70 हजार रुपये की नकदी भी ले गई है। इधर, महिला के पति का आरोप है कि महिला का प्रेमी अब आठ लाख रुपये की मांग कर रहा है। रुपये न देने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह किराये का रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करता है। मोहल्ला गोपाल सिंह निवासी आकाश उसकी पत्नी को कुछ समय पहले बहला फुसला कर अपने साथ ले गया। पत्नी अपने साथ में दोनों बच्चों को भी ले गई। पत्नी मकान गिरवी रखकर 70 हजार रुपये भी अपने साथ ले गई है। अब अलग-अलग नंबरों से कॉल कर आरोपी आकाश उससे आठ लाख रुपये की मांग कर रहा है। रुपये न देने पर दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। जब उसने आकाश के घर जाकर मामले की शिकायत की, तो आरोपी के परिवार के रीना, भइया गुल, गौरी, प्रकाश, अरुण और युवराज गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। पीड़ित ने मामले की शिकायत सुनगढ़ी पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई कराने की मांग की। इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही महिला और बच्चों को खोज निकाला जाएगा।