बल्लभ नगर कॉलोनी में दवा का छिड़काव करती मलेरिया की टीम। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। जिले में छह और लोगों को डेंगू का डंक लगा है। मंगलवार को छह लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें 13 साल का बालक और 62 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। इसके अलावा बीसलपुर में दो मरीज मलेरिया के पाए गए हैं। वहीं जिले के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार के 427 मरीज मिले। रिपोर्ट आने के बाद टीम ने मरीजों के घर जाकर उनका स्वास्थ्य जाने के साथ ही घर में लार्वा को देखने के साथ ही दवा का छिड़काव कराया। मंगलवार को लखनऊ केजीएमयू से आई जांच रिपोर्ट में बल्लभ नगर कॉलोनी के रहने वाले 20 वर्षीय युवक, शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद के रहने वाली 35 वर्षीय महिला, पिपरिया मंडन का 13 वर्षीय बालक, गनेशपुर गौटिया निवासी 19 वर्षीय युवक, पौटा कला निवासी 20 वर्षीय युवक और शिवपुरी कल्यानपुर का रहने वाला 18 वर्षीय युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद टीम ने सभी मरीजों को ट्रेस करने के बाद उनकी पड़ताल करते हुए पहले स्वास्थ्य चेकअप किया। सभी मरीज ठीक है। अपने घर पर ही हैं। इनमें सिर्फ ललौरीखेड़ा के शिवपुरी वाला युवक बाहर से आया था। बाकी किसी भी मरीज की कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। इसलिए उन इलाकों में मलेरिया विभाग की टीम ने सर्वे कराकर वहां दवा का छिड़काव और सफाई करवाई। इसके अलावा बीसलपुर नगर क्षेत्र में दो मलेरिया के केस भी मिले हैं। इधर, मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीज की भीड़ जुटी रही। पूरे दिन की ओपीडी में 427 मरीज बुखार, सर्दी, जुकाम खांसी के इलाज के लिए पहुुंचे।
सात मकानों में मिला डेंगू का लार्वा कराया नष्ट
बल्लभनगर कॉलोनी और अन्य स्थानों पर केस मिलने के बाद मलेरिया विभाग की टीम ने मंगलवार को बल्लभ नगर कॉलोनी, काला मंदिर, थान सिंह में अभियान चलाया। जहां सात मकानों में रखे कूलर और फ्रिज में डेंगू का लार्वा मिला। टीम ने उसे नष्ट करने के बाद वहां पर दवा का छिड़काव कराया साथ ही मोहल्ले की नालियों में भी स्प्रे से दवा का छिड़काव कराया गया। सभी को चेतावनी दी गई कि अगर लार्वा मिला। तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में अमरिया, बिलसंडा, दियूरिया कला, ललौरीखेड़ा और जहानाबाद में भी अभियान चलाया गया। जहां 153 लोगों की मलेरिया की और नौ लोगों की डेंगू की जांच की गई। इन जांच में बीसलुर के गांव सखौली का रहने वाली 15 वर्षीय बालिका डेंगू संदिग्ध मिली। इसके अलावा तीन सैंपल प्राइवेट लैब से मिले हैं। जिनकी एनएस-1 जांच पॉजिटिव आई है। चार सैंपल को परीक्षण के लिए लखनऊ भेज दिया है।
लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में छह लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा कैंप में एक संदिग्ध मिला था। मंगलवार को चार सैंपल और जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। वर्तमान में जिले में डेंगू की संख्या 15 और मलेरिया की संख्या 32 हो गई है। हालांकि इनमें सिर्फ छह केस ही एक्टिव चल रहे हैं। वह भी जल्द ही स्वास्थ्य हो जाएंगे। - राजीव मौर्या जिला सहायक मलेरिया अधिकारी