पीलीभीत। उत्तराखंड सीमा से सटे एक ढाबे पर कुछ पुलिसकर्मियों का शराब के साथ दावत करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में पुलिसकर्मियों के साथ एक युवक ऐसा भी मौजूद है, जो अवैध शराब के धंधे के मामले में कई बार जेल जा चुका है। मामला वायरल होने के बाद एसपी ने संज्ञान लिया। जांच शुरू कराई है।
अवैध शराब की रोकथाम और धंधेबाजों को पकड़ने के लिए पुलिस अफसरों की ओर से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। सुर्खियों में आने के लिए कार्रवाई की लंबी चौड़ी रिपोर्ट भी बनाई जाती हैं लेकिन यह कार्रवाई बड़े धंधेबाजों पर नहीं होती। बड़े धंधेबाजों को बचाने के चक्कर में पुलिस दस-बीस लीटर शराब की बरामदगी दिखाकर मजदूरों या छोटे मोटे धंधेबाजों को जेल भेजकर कार्रवाई पूरी कर लेती है। पुलिस पर पहले भी अवैध शराब के धंधेबाजों से सांठगांठ के आरोप लग चुके है, लेकिन दोनों के बीच संबंधों की पोल तब खुली। जब बृहस्पतिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ पुलिस कर्मी सादा कपड़ों में एक ढाबे पर बैठकर शराब पार्टी करते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में जो लोग दिखाई दे रहे है, उन्हें सोशल मीडिया पर पीलीभीत जिले के एक थाने में तैनात बताया गया है। साथ ही उनके साथ पार्टी में एक शराब का धंधेबाज भी दिखाई दे रहा है। जो इनकी सेवा में लगा हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई है। इस वीडियो ने पुलिस के द्वारा अवैध शराब को लेकर की जा रही है कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं, इधर, वीडियो वायरल होने के बाद अफसर वीडियो की जांच करने की बात कहते हुए चुप्पी साध गए हैं।