पूरनपुर। कार की टक्कर से बालक के घायल होने पर दो पक्षों में हुई मारपीट और इलाज को ले जाते समय बालक की मौत के बाद बालक के शव के सुपुर्द-ए-खाक होने के बाद भी अफसर हालात पर पूरी तरह नजर रखे हुए हैं। शुक्रवार को एएसपी ने कोतवाली में कैंप कर दोनों पक्षों को बुलाकर बात की।
गांव कल्यानपुर के समीप कार की टक्कर से बुधवार को गांव निवासी चांद मियां का पुत्र उवैस (4) घायल हो गया था। घटना के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। बालक को इलाज को जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों ओर से 21 नामजद कर 71 लोगों पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की थी। बालक की मौत के बाद हंगामा, प्रदर्शन आदि को लेकर बृहस्पतिवार को पूरे दिन पुलिस, प्रशासन अलर्ट रहा। एसपी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। साथ ही दोनों पक्षों से वार्ता की। बृहस्पतिवार को पूरे दिन एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, सीओ वीरेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस, पीएसी के साथ गांव में मौजूद रहे। बृहस्पतिवार देरशाम को बालक के शव को सुपुर्द-ए-खाक होने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली और अफसर, पुलिस गांव से लौट आए। शुक्रवार को भी अफसर हालात पर पूरी तरह से नजर रखे रहे। एएसपी डॉ. पवित्र नंदन त्रिपाठी ने कोतवाली में कैंप कर दोनों पक्षों को अलग-अलग बुलाकर बात की।