पूरनपुर। दो राइस मिलों में हुई लूट के मामले में पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार रात असम हाईवे के गांव रूरिया मोड़ के समीप नगर निवासी विमलेश देवल की राइस मिल में चौकीदार गांव कढेरचौरा निवासी गनेश को बंधक बनाकर पीटा। इसके बाद कार्यालय, गोलक व सेफ के ताले तोड़कर तीन हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। घटना की जानकारी देने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। इसके बाद बदमाश वहीं केसर सिंह के राइस मिल में घुसे और चौकीदार गांव कढ़ेरचौरा निवासी तौलेराम को बंधक बनाकर पीटा। इसके बाद हजारों रुपये नकद, सीसीटीवी का डीबीआर लूट लिया था। राइस मिलरों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका पर पहुंचकर निरीक्षण कर चौकीदारों से पूछताछ की थी।
सोमवार शाम को पुलिस ने राइस मिल मालिक से तहरीर के लिए संपर्क साधा। एक राइस मिल मालिक के घर जाकर तहरीर ली गई। जबकि दूसरे राइस मिल मालिक को तहरीर देने के लिए थाने बुलाया। पुलिस ने केसर सिंह की ओर से चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।