बरखेड़ा। भाई के साथ दवा लेने जा रही युवती से एक व्यक्ति ने दो साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने घटना के करीब ढाई माह बाद एक नामजद एवं दो अज्ञात के विरुद्ध दुष्कर्म व लूट की धाराओं मे रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की एक युवती ने अदालत में दी अर्जी में कहा कि वह 16 जून 2021 को अपने भाई के साथ बरखेड़ा मे दवा लेने जा रही थी। जैसे ही वह गांव के पास शाम के करीब 7:30 बजे पहुंची। पहले से ही थाना पूरनपुर के ग्राम सुखदासपुर निवासी मिंटू अपने दो अन्य साथियों के साथ घात लगाए बैठा था। मिंटू व साथियों ने दुष्कर्म किया। उसके भाई को बंधक बना लिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इंस्पेक्टर खीम सिंह जलाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर युवती की ओर से मिंटू एवं दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध दुष्कर्म व लूट एवं जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।