पूरनपुर। निकाह के दूसरे दिन वलीमा की दावत में आए मायके और ससुराल वालों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस पर दुल्हन जोड़े में ही अपने परिवार वालों के साथ थाने पहुंची और मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
घटना रविवार शाम की है। मोहल्ला साहूकारा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी शनिवार को गांव रंपुरा ताल्लुके महारापुर में की थी। रविवार को रंपुरा ताल्लुके महाराजपुर में वलीमा की रस्म थी। मायके पक्ष के लोग भी शामिल थे। इसमें मायके पक्ष की कई महिलाएं थीं। आरोप है कि खाना खाने के दौरान लड़के पक्ष के कुछ लोगों ने दुल्हन की रिश्ते की बहनों पर छींटाकसी शुरू कर दी। इस पर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट शुरु हो गई। मायके वालों का आरोप है कि शादी में मुंह मांगा दहेज न मिलने पर विवाद कर नवविवाहिता के ऊपर पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी गई। महिलाओं के जेवरात छीन कर उनसे भी मारपीट की गई है। घटना के बाद दुल्हन अपने मायके वालों के साथ कोतवाली पहुंची। जहां दुल्हन ने भी ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और महिलाओं के जेवरात छीनने का आरोप लगाया। एसएसआई बालकराम ने बताया कि दुल्हन परिवार वालों के साथ शिकायत करने के लिए पहुंची थी। मामले की जांच कराई जा रही है। फिलहाल दोनों ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। दोनों के बीच आपसी समझौते के प्रयास चल रहे हैं।