पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहे पर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। विवाद में महिलाओं के लाठी-डंडों के साथ पहुंचने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 और कोतवाली पुलिस ने स्थिति को संभाला।
हंगामे से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। मारपीट और हंगामे के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान चौराहे के पास मौजूद डायल 112 की पुलिस टीम ने विवाद होते देखा और मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है। किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।