पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक को कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात जहानाबाद से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक अपनी मर्जी से परिचित युवक के साथ घूमने चला गया था। अपहरण की आशंका को पुलिस ने निराधार बताया है। आवश्यक पूछताछ के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोमवार शाम परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी। परिजनों ने बताया था कि थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी गौरव सिंह (20) पुत्र चंद्रप्रकाश शहर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित एक पार्सल कंपनी में स्कैनिंग ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। सोमवार शाम करीब पांच बजे गौरव के पिता ने उससे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परिजनों ने गौरव के भाई देवेश सिंह को कार्यालय भेजा, जहां वह मौजूद नहीं मिला। घर लौटते समय छतरी चौराहे के पास गौरव को दो अन्य युवकों के साथ स्कूटी पर जाते हुए देखा। स्कूटी चला रहा युवक बरेली जिले का निवासी विमल बताया गया। इस घटना के बाद परिजनों ने पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी का हवाला देते हुए विमल पर अपहरण का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन पहले उत्तराखंड के खटीमा और फिर अमरिया होते हुए जहानाबाद की ओर जाती मिली। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने जहानाबाद पुलिस के सहयोग से देर रात युवक को जहानाबाद से बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गौरव अपनी ही स्कूटी से गया था और किसी प्रकार का दबाव नहीं था। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जांच में अपहरण के आरोप निराधार पाए गए हैं। एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक स्वयं विमल के साथ जाते हुए दिखाई दिया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।