पीलीभीत। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर गश्त के दौरान पुलिस और एसएसबी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीन सौ ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को दबोच लिया। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।
इंडो-नेपाल बॉर्डर की खुली सीमा होने के साथ तस्करी की घटनाएं प्रकाश में आती रही हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल और कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर तस्कर चोरी छिपे तस्करी को अंजाम दे रहे हैं।
इधर, शनिवार रात रमनगरा पुलिस चौकी के इंचार्ज रोहित कुमार और एसएसबी के जवान संयुक्त रूप से गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली की नेपाल की ओर से एक व्यक्ति ब्राउन शुगर लेकर भारतीय क्षेत्र में आ रहा है। सक्रिय होकर टीम ने घेराबंदी शुरू की। इसके बाद वन मोहलिया रोड पर भारतीय क्षेत्र में तस्कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन सौ ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम अरविंद राजभर पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम जलालाबाद थाना दुल्लहपुर जिला गाजीपुर है। आरोपी को जेल भेज दिया है।