पीलीभीत। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली के शुक्रवार को जनपद में आने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के मुसलमानों का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है। गरीबों, शोषितों, पिछड़ों की चिंता करने वाली सिर्फ भाजपा है। अल्पसंख्यक वर्ग को मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसलिए अल्पसंख्यकों का भी फर्ज बनता है कि बिना भेदभाव और जात पात देखे पार्टी के प्रत्याशी को अपने बूथों पर जिताने में अपना अहम रोल निभाएं। इस बार विधानसभा में जो प्रत्याशी चुनाव लड़ने में सक्षम होंगे जिताऊ और टिकाऊ होंगे ऐसे अल्पसंख्यक नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाया जाएगा। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के सबको सम्मान और विकास में भागीदारी मिली है विभिन्न सरकारी योजनाओं उज्जवला गैस, बिजली, आवास, पेंशन, शिक्षा आदि योजनाओं पर मुस्लिम वर्ग को बराबर से लाभ मिलने के उदाहरण हमारे सामने हैं। मदरसों को अनुदान देने के साथ ही उनका आधुनिकीकरण कराकर मुस्लिम बच्चों को बेहतर शिक्षा देते हुए उनका उज्जवल भविष्य बनाया है। अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बाकिफ महमूद नक़वी, महामंत्री जहीर अव्वास जैदी, प्रदेश मंत्री इमरान जैदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह, महामंत्री अकलीम ने भी संबोधित किया। बैठक में अमित अग्रवाल, शाहबुद्दीन खां, सरबर सिंह, उबैद खां, मंडल अध्यक्ष अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।