पीलीभीत। नोटिस के बाद भी निलंबित एचईओ के सरकारी आवास खाली न करने के मामले में सीएमएस का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने डीएम को जानकारी देदी थी पर इस संबंध में डीएम का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
अनुशासनहीनता समेत कई गंभीर आरोपों में निलंबित एचईओ (स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी) धीरेंद्र सिंह करीब साढ़े चार साल से सरकारी आवास पर कब्जा जमाए हैं। करीब आठ साल से वाहन भी कब्जे में है। आवास खाली करने के लिए महिला अस्पताल की सीएमएस की ओर से जारी नोटिस की अवधि भी बीत चुकी है। इसके बाद भी सीएमएस जब आवास खाली नहीं हुआ तो उन्होंने डीएम को जानकारी देने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। कहा कि कुछ दिन पहले डीएम ने अपने स्तर से आवास खाली कराने की बात कही थी, लिहाजा कोई अग्रिम कदम नहीं उठाया गया, जबकि डीएम वैभव श्रीवास्तव इस प्रकरण के संज्ञान में न होने की बात कह रहे हैं।
मैंने आवास खाली कराने के संबंध में कुछ दिन पहले डीएम साहब को अवगत कराया था। तब डीएम साहब ने भरोसा दिलाया था कि वह अपने स्तर से निलंबित एचईओ से आवास खाली करा देंगे। इस पर मैंने आगे की कार्रवाई रोक दी।
- अनीता चौरसिया, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल
निलंबित एचईओ द्वारा सरकारी आवास पर कब्जा करने का मामला सीएमएस ने मुझे नहीं बताया। अगर वह पूर्व में ही यह मेरे संज्ञान में लाने की बात कह रही हैं, तो यह गलत है। लखनऊ मीटिंग से लौटने के बाद इस मामले में सीएमएस से जानकारी करूंगा। आवास खाली करने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा। -वैभव श्रीवास्तव, डीएम