बरखेड़ा/पीलीभीत। छात्रा को कॉलेज के ही छात्र ने प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर जबरन संबंध बना लिए। शादी का दबाव बनाने पर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। 15 दिनों तक घर में बंधक बनाने के बाद आरोपी उसे हरिद्वार में छोड़कर भाग गए। किसी तरह छात्रा घर पहुंची और परिवारवालों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा कि वह कक्षा 12 की छात्रा है और बरेली के नवाबगंज स्थित एक कॉलेज में उसने फैशन डिजाइनिंग कोर्स में प्रवेश लिया था। कॉलेज में ही उसकी दोस्ती माधोटांडा क्षेत्र के गांव संडई निवासी अजीत यादव से हो गई। कॉलेज की ओर से प्रशिक्षण के लिए उन्हें नोएडा भेजा गया, वहां तीन माह तक अजीत छात्रा का रूम पार्टनर बनकर रहा। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा को शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना लिए। मार्च 2022 में होली पर दोनों अपने घर चले गए। इसके बाद जब छात्रा ने शादी का दबाव बनाया तो पांच मई 2022 को आरोपी ने उसे कॉल कर पीलीभीत बुलाया और माधोटांडा के गांव जमुनिया अपनी रिश्तेदारी में बृजपाल यादव के घर शादी करने का बहाना बनाकर ले गया। वहां आरोपी ने चाय में नशीला पदार्थ पिला दिया।
बेहोश होने के बाद आरोपी अजीत यादव और उसके तहेरे भाई रंजीत यादव ने सामूहिक दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद विरोध किया और बृजपाल यादव से शिकायत की, तो बृजपाल ने गालीगलौज करते हुए अपने घर में बंधक बना लिया। इसके बाद 20 मई को दोनों आरोपी नौकरी दिलाने का बहाना बनाकर हरिद्वार लेकर गए। वहां तीन दिन रुकने के बाद आरोपी यह कहकर लौटे कि उनकी मामी बीमार है और दो-तीन दिन में देखकर लौट आएंगे। दोनों ही वापस नहीं गए। एक जून को किसी तरह वह घर पहुंची और अजीत को कॉल किया। अब दोनों आरोपी धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर तीनों के खिलाफ नशा देकर सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने, गालीगलौज और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।