घायल सेल्समैन रघुनन्दन से घटना की जानकारी लेते सीओ सिटी सुनील दत्त। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। गांव पतरसिया के पेट्रोलपंप के सेल्समैन को गोली मारकर सोमवार सुबह सवा दस बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक लाख पैंसठ हजार रुपये लूट लिए। पेट्रोलपंप के मैनेजर विजय प्रकाश विक्की सेल्समैन रघुनंदन के साथ बरखेड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ोदा में रुपये जमा कराने जा रहे थे। पतरासा-कुंवरपुर मोड़ के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने आंख में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक रुकवाई और बैग छीनने लगे। बैग में 12 लाख 75 हजार चार सौ रुपये थे। छीना झपटी में सारे रुपये सड़क पर गिर गए और बदमाश जल्दबाजी में केवल 1.65 लाख रुपये ही ले जा पाए।
बरेली के कसबा बहेड़ी निवासी मनदीप सिंह का बरखेड़ा थाना क्षेत्र में गांव पतरसिया के पास पेट्रोल पंप है। पिछले चार दिनों से बैंक बंद होने के कारण बिक्री की धनराशि बैंक में जमा नहीं हो सकी। सोमवार को पंप के मैनेजर बरेली के थाना बहेड़ी के गांव राई नवादा निवासी विजय प्रकाश विक्की बरखेड़ा के गांव पतरसिया निवासी सेल्समैन रघुनंदन के साथ चार दिन की धनराशि बरखेड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा करने जा रहे थे। बाइक मैनेजर चला रहे थे और सेल्समैन बैग लेकर पीछे बैठा था। इसी दौरान पतरासा कुंवरपुर की मोड़ के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। बाइक रोककर दोनों आंख साफ करने लगे।
इसी दौरान बदमाश बैग छीनने की कोशिश करने लगे। छीना झपटी में बैग की चेन टूट गई और रुपये सड़क पर गिरने लगे। किसी तरह बैग बचाकर दोनों भागे तो बदमाशों ने तमंचे से तीन फायर कर दिए। एक फायर सेल्समैन के बाएं पैर मेें घुटने से नीचे लगा। बैग समेत वह सड़क पर ही गिर गया। इससे सारे रुपये सड़क पर बिखर गए। बदमाश जल्दबाजी में रुपये एकत्र करने के बजाय जो हाथ में आए, वही लूट कर बरखेड़ा की ओर भाग गए। मैनेजर ने घटना की जानकारी पंप के कर्मचारियों और पुलिस को दी। सूचना पर बरखेड़ा पुलिस पहुंच गई।
घायल को बरखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसपी दिनेश कुमार पी, एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने घटना स्थल का मुआयना कर जानकारी जुटाई। इसके अलावा बीसलपुर, दियोरिया और बिलसंडा की पुलिस को बुलाया गया। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने तीन टीमें बनाई हैं।