हम गमजदा हैं...हमें थाम लो। सुबह तुम्हारी ही सही, हमें शाम दो। यह जज्बात और उससे उपजे दर्द के बेइंतहा तक हो जाने का अंजाम है। सोशल मीडिया की मायावी दुनिया में अंकित करीब 16 घंटों से गुहार लगाता रहा है।
स्टोरीज के जरिये अपनी बात कही। वह बताता रहा, सदमे में है। काश, कोई मदद के लिए हाथ बढ़ाता। उससे पूछता क्या दिक्कत है... दोस्त। अपनेपन के चार लफ्ज उसे ढांढस बंधाते। जिंदगी इतनी भी कठिन नहीं है मेरे दोस्त...। अफसोस ऐसा कुछ नहीं हुआ और होनहार अंकित ने अपनी जान गंवा दी।
अंकित का इंस्टा एकाउंट बताता है कि वह 8 अक्टूबर 2021 को सक्रिय हुआ। हर रोज एक दो पोस्ट जरूर करता था। इंस्टाग्राम पर उसके 1441 फॉलोअर्स हैं। अंकित ने जहर खाने के पहले 16 घंटों में पांच स्टोरी शेयर की। पहली स्टोरी गुरुवार को देर शाम 8 बजे, दूसरी रात 9 बजे और तीसरी स्टोरी रात 10 बजे शेयर की। इसके बाद शुक्रवार को चौथी स्टोरी सुबह 7 बजे, पांचवी 9 बजे और आखिरी स्टोरी दोपहर 10 बजे शेयर की। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे अंकित ने जहर खा लिया।
इंस्टाग्राम की छह स्टोरी
अंकित ने मौत से पहले इंस्टाग्राम पर अपनी बात कहने का प्रयास करते हुए कई स्टोरी वायरल की थीं। पहली स्टोरी में उसने लिखा मूड ऑफ है, बहुत ज्यादा परेशान हूं जिंदगी से, कल जा रहा हूं भगवान के पास। दूसरी स्टोरी में दिखाया जा रहा है कि एक युवक पेड़ के पास बैठा है। लव सांग बज रहा है और युवती कह रही है कि कहीं एक दिन ऐसा न हो जाए कि तुम मुझे ढूंढते रह जाओ और युवक को धक्का दे देती है मगर युवक मृत मिलता है। तीसरे सीन में युवक का रोता हुआ चेहरा है और दिल टूटा..सांग बज रहा है। चौथे सीन में युवक मृत होता है और युवती उसके चेहरे को पकड़कर रोती दिख रही है। पांचवें सीन में जिंदगी के लास्ट दिन का मेसेज है। चांद कहां सुबह को छोड़कर...गीत बज रहा है। छठे सीन में सॉरी मम्मी पापा मै जा रहा हूं और मैनू माफ करिए मां मेरी... मैं इस जन्म में तेरा हो न पाया... गीत बज रहा है।