पीलीभीत। पंजाब के बटाला जिले के किला लाल सिंह थाने पर रविवार रात हुए हमले को पीलीभीत एनकाउंटर का बदला लेने के हमलावरों के दावे के बाद जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पंजाब से मिले इनपुट के बाद पीलीभीत पुलिस ने थाना क्षेत्रों के अलावा नेपाल और उत्तराखंड के बार्डर पर निगरानी बढ़ा तेज की है।
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में 23 दिसंबर को सुबह तड़के पीलीभीत और पंजाब पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में तीन खालिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया था। इसके बाद आतंकी संगठनों की ओर से धमकियां दी जाने लगीं। खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी वीडियो जारी कर धमकी दी थी।
मामले में पीलीभीत के साइबर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी। वहीं, मुठभेड़ की घटना के बाद मामले की विवेचना पूरी की जा रही है। इधर रविवार रात पंजाब के बटाला जिले के किला लाल सिंह थाने में धमाका हुआ। राॅकेट लांचर से हमला करने की बात सामने आई। खालिस्तानी समर्थकों की ओर से हमले को पीलीभीत में हुए एनकाउंटर का बदला लेने का दावा किया।
एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि इनपुट मिलने के बाद जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड और नेपाल बार्डर पर भी निगरानी की जा रही है।