पीलीभीत। प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर जिले भर के अधिवक्ता मंगलवार को आंदोलित रहे। जिला मुख्यालय पर कलम बंद हड़ताल हुई। अदालती कामकाज ठप रहा। बीसलपुर में एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। पूरनपुर में जुलूस निकाल कर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिला मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अजय शुक्ला की पत्नी शीला शुक्ला के हत्या के आरोपियों गिरफ्तार करने की मांग की गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि पुलिस जानबूझकर अधिवक्ताओं के मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
पूरनपुर में प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना के नेतृत्व में वकील जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी को सौंपा। ज्ञापन ज्ञापन में समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में संजय विश्वास, नितिन दीक्षित, संजय पांडेय, मीना गुप्ता, नीरू खंडेलवाल, आरती, अजीव मिश्र, रिफाकत अली, देवकांत शुक्ला आदि वकील थे।
बीसलपुर में अधिवक्ताओं ने सिविल बार एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को तहसील कार्यालय में एसडीएम राकेश गुप्ता को मुख्य मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वेश सक्सेना, सचिव सौरभ मौर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलजीत गंगवार, उपाध्यक्ष वसीम सिद्दीकी, रितेश दुबे, सह सचिव आफाक अहमद, कोषाध्यक्ष हरीकृष्ण दुबे, केके सिंह, श्याम कृष्ण मौर्य, गौरव रस्तोगी, मुकेश उपाध्याय, हरीओम गौतम, सियाराम माथुर, नरेंद्र कुमार, महेंद्रपाल और हजारीलाल समेत काफी अधिवक्ता मौजूद थे।
अधिवक्ताओं ने उठाए मुद्दे
बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अजय शुक्ला की पत्नी शीला शुक्ला की हत्या के आरोप में पहले तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सवा महीने बाद पुलिस आयुक्त लखनऊ के हस्तक्षेप पर बमुश्किल रिपोर्ट दर्ज तो हो गई लेकिन अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया।
लखनऊ में अधिवक्ता रजनीश वर्मा के बेटे की हत्या पर लखनऊ पुलिस पर मात्र एक महिला का चालान किया। अन्य आरोपियों को क्लीनचिट देने का आरोप पुलिस पर है।
लखीमपुर खीरी के अधिवक्ता राज किशोर अवस्थी के पुत्र सैनिक दीपेंद्र अवस्थी ने सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।