कलीनगर। जंगल भ्रमण के दौरान लापरवाही बरतने पर तीन टूरिस्ट वाहनों के चालक और गाइड को तीन दिन के लिए पर्यटन क्षेत्र से बाहर किया गया है। दरअसल एक अप्रैल को जंगल भ्रमण के दौरान बाघ सड़क पर था। आरोप है कि चालक वाहनों को बाघ के करीब तक ले गए थे। रेंजर के पहुंचने पर सायरन बजाकर बाघ को हटाया गया था। मामले में डिप्टी डायरेक्टर ने तीन दिन बाद कार्रवाई की है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का नया सत्र पांच माह से अधिक बीत गया। पहली अप्रैल को जंगल भ्रमण के दौरान मार्ग पर बाघ की मौजूदगी देख सफारी वाहनों के पहिए रुक गए थे। काफी देर तक बाघ मार्ग ही बैठा रहा था, दोनों ओर टूरिस्ट वाहनों की कतार लग गई थी। बराही रेंजर के पहुंचने पर वाहन का सायरन बजाया गया। इसके बाद बाघ वहां से हटकर जंगल क्षेत्र की ओर निकल गया था।
सायरन बजाने का मामला संज्ञान में आने पर रेंजर का स्पष्टीकरण मांगा गया था। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद टूरिस्ट चालक और गाइडों की भी लापरवाही उजागर हुई। डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने बताया कि जंगल भ्रमण के दौरान बाघ की मौजूदगी मिलने पर उचित दूरी निर्धारित है। पर्यटन नियमों का उल्लंघन करने पर तीन वाहनों को तीन दिन के लिए पर्यटन क्षेत्र में प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ गाइड अमीन अली, बलवीर सिंह, जीशान और तीन चालकों को पर्यटन क्षेत्र से तीन दिन के लिए बाहर किया गया है। चालकों के नाम पत्र में नहीं खोले गए हैं।