पीलीभीत। करवा चौथ को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोपी की टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया। मामला संज्ञान में आने पर माधोटांडा पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला माधोटांडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम का है। थाना क्षेत्र के ग्राम मथना जप्ती पुरैनी दीपनगर निवासी जसपाल सिंह पुत्र चरणजीत सिंह ने शुक्रवार को करवा चौथ को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी। किसी ने उसकी टिप्पणी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामला जानकारी में आने पर बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू किया। कहा कि इस टिप्पणी से हिन्दू समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुईं हैं। इसके बाद बजरंग दल के कैलाश चंद ने थाना माधोटांडा में तहरीर दी, जिसमें आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
तहरीर में कहा गया कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ती हैं। लोगों की आस्थाओं को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपी से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर उसका चालान किया गया है।