गांव गौहनिया के पास ट्रेन से अधेड़ की कटने की सूचना पर लगी भीड़ और पहुंची पुलिस।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ग्रामीण की कटकर मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी और सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद भी शव को पटरी से नहीं हटाया गया। इससे टनकपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन भी गुजर गई। इसकी लोगों में खासी चर्चा बनी रही।
टनकपुर रेल खंड पर माधोटांडा रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार को दोपहर में माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव दयालपुर निवासी 50 वर्षीय ताराचंद की जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से कटकर मौत हो गई। हादसा ऐसा हुआ कि सिर धड़ से अलग हो गया। धड़ पटरियों के बाहर और सिर दोनों पटरियों के बीच में हो गया था। दुर्घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। ट्रेन भी काफी देर खड़ी रही। ट्रेन के पायलट ने इसकी सूचना कंट्रोल को दे दी। इसी दौरान इंस्पेक्टर सुनगढ़ी श्रीकांत द्विवेदी और सदर कोतवाली प्रभारी अशोक पाल फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। जंक्शन से जीआरपी भी पहुंची गई। मृतक के पुत्र प्रमोद ने बताया कि उसके पिता सोमवार को बहेड़ी निवासी बहनोई अजय के घर नामकरण संस्कार में जाने के लिए सुबह करीब नौ बजे घर से निकले थे। इसके बाद यहां कैसे पहुंचे पता नहीं। हालांकि उसने बताया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हादसा हुआ है। सूचना पर पुलिस तो पहुंच गई, मगर कोतवाली थाना क्षेत्र में होने के बाद भी धड़ को नहीं हटाया गया। जबकि पटरियों के बीच पड़े सिर को भी उठाने की जहमत नहीं उठाई गई। इसी दौरान पीलीभीत से टनकपुर की ओर जा रही दूसरी ट्रेन भी गुजर गई। इसको देख वहां खड़े लोगों में इस बात की काफी चर्चा होती रही। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि शव के पास शराब का पौवा और गिलास भी मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिवार वाले देर से पहुंचे। इसीलिए सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका।