बरखेड़ा। खटीमा से लौट रहे हरदोई के युवक की बीसलपुर रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने युवक की जेब से मिले रेलवे टिकट के पीछे लिखे नाम और पते से युवक की शिनाख्त कराने के लिए वहां की पुलिस से संपर्क किया था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र की करोड़ चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि दोपहर 12 बजे बीसलपुर रोड पर गांव सिमरिया के पास पैदल जा रहे 38 वर्षीय युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। इससे युुवक की मौके पर ही मौत हो गई। शिनाख्त कराने के प्रयास किए गए, मगर नहीं हो सकी। इसके बाद युवक की जेब में दो रेलवे के टिकट मिले। जो खटीमा से पीलीभीत के बीच के थे। एक टिकट पर गुड्डू कोडरा बेहटा सधई हरदोई लिखा था। इस पर पुलिस ने हरदोई पुलिस से संपर्क किया। इस पर युवक की शिनाख्त शहर कोतवाली हरदोई में स्थित गांव मुडरा निवासी हरनाम सिंह के पुत्र 38 वर्षीय अजय प्रताप सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिवार वालों को दे दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शाम तक परिवार वाले रास्ते में थे। पुलिस परिवार वालों के पहुंचने का इंतजार कर रही थी।