कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। थानाक्षेत्र दियोरिया के नउआ नगला के कुछ ग्रामीण गांव में जल निकासी की समस्या लेकर टकनपुर हाईवे के पास मंगलवार को शाम धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको समझाकर धरना खत्म कराया।
नउआ नगला के रामचंद्र, हरीद्वारी छत्रपाल, नीरज आदि का कहना है कि गांव में चुनावी रंजिश के चलते प्रधान ने खड़ंजे पर मिट्टी डाल दी। इस कारण गंदा भर रहा है। अब ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत करने के बावजूद जब सुनवाई नहीं हुई तो ग्रामीण मंगलवार को शाम चार बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। कलक्ट्रेट में अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। इस पर वह टकनपुर हाईवे के पास धरने पर बैठ गए। करीब आधा घंटे तक धरना चला। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर प्रदर्शन खत्म कराया। आश्वासन दिया कि उनकी परेशानी का समाधान कराया जाएगा।