पूरनपुर। खेत में नरई जलाने को लगाई गई आग की चपेट में मिस्त्री का खोखा आने से वहां खड़ी चार बाइकें जल गईं और स्पेयर पार्ट्स को भी नुकसान पहुंचा है। शोर पर एकत्र हुए लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
अग्निकांड बुधवार दोपहर को थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव कुर्रैया में हुआ है। गांव के बाइक मिस्त्री रवि वर्मा का खोखा कुर्रैया में गांव फत्तेपुर रोड पर है। दोपहर मेंं गांव के समीप खेत मेंं खड़ी नरई जलाने को आग लगाई गई। हवा के साथ आग की लपटें खोखा तक जा पहुंचीं। खोखा के समीप खड़ी चार बाइकें और खोखा में रखे स्पेयर पार्ट्स जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग के गांव की ओर बढ़ने की आशंका पर तमाम लोग मौके पर जा पहुंचे। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से आग बुझाना शुरू कर दिया। समीप स्थित दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। प्रधान रमा देवी के पति ने बताया कि समय पर आग पर काबू न होता, तो और अधिक नुकसान हो सकता था। संवाद