घुंघचाई। बाइक से अपनी ससुराल आ रहे शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र के गांव सिकरानिया दंपति की बदमाशों ने पिटाई कर दी और महिला के गहने उतरवाकर 10 हजार की नगदी लूट ले गए।
थाना बंडा के गांव सिकरानिया निवासी जबर सिंह ने बताया कि उसकी ससुराल बलरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बक्तापुर शिवपुरिया में हैं। वह मंगलवार की शाम अपनी पत्नी कुसमा देवी के साथ बाइक से ससुराल जा रहा था। शाम करीब सात बजे गुलरिया-सिरसा मार्ग पर बलरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित गोमती पुल के पास खड़े चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक तमंचे के बल पर रोक ली और पिटाई करनी शुरू कर दी। पिटाई के बाद पत्नी के कुंडल, नथ, पायल, सोने की चेन आदि उतरवा ली और उसके पास से 10 हजार की नगदी लूट लिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
दंपति ससुराल पहुंचे और पूरी घटना बताई। इस पर तमाम लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए बदमाशों की तलाश की। चौकी प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि उन्हें न तो घटना की सूचना दी गई और न ही कोई तहरीर मिली है।