खेकड़ा (बागपत)। नगर में भगवान राम की बारात बडे़ धूमधाम से बैंडबाजों के साथ निकाली गई। सुंदर झांकियों से सजी राम बारात को देखने के लिए मार्गों एवं चौराहों पर लोगों की भारी भीड़ लगी रही।
नगर में बुधवार को भगवान राम की भव्य बारात बैंडबाजों, भजन कीर्तन मंडली के साथ निकाली। भगवान राम की बारात मंडी गांधी गंज से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रारंभ हुई, इसका शुभारंभ हैंडलूम एसोसिएशन के महासचिव मुकेश गुप्ता ने भगवान राम एवं लक्ष्मण की आरती कर किया। राम बारात नगर के मुख्य मार्गों जैन कालेज मार्ग, पुलिस चौकी चौराहा, बड़ा बाजार, छोटा बाजार, पांडव चौक, यादव चौक, वाल्मीकि बस्ती, रेलवे रोड, पाठशाला रोड, तांगा स्टैंड से होते हुए गांधी प्याऊ स्थित रामलीला स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। अनेक स्थानों पर महिलाओं ने राम लक्ष्मण की आरती उतारी। बारात में शामिल मनमोहक झांकियां व बैंड बाजे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रधान पुनीत शर्मा, नरेश शर्मा, उमेश शर्मा, दीपक शर्मा, मुकेश शर्मा, तरुण गुप्ता, नवाब सिंह, अनिरुद्ध गौड़, राजेंद्र यादव, पीयूष शर्मा, मनोज जैन, प्रवेश शर्मा आदि मौजूद रहे।