पीलीभीत। टीबी मरीजों के बेहतर इलाज पर पिछले नौ माह से आर्थिक संकट मंडरा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से जिले के लगभग ढाई हजार टीबी संक्रमितों को पोषण सहायता राशि नहीं भेजी गई है। मरीज अपने रुपये से पोषक आहार खरीद रहे हैं। हालांकि, विभाग टीबी मरीजों के बेहतर इलाज के दावे कर रहा है।
टीबी मरीजों के लिए संचालित योजनाएं कागजों पर ही दौड़ लगा रही हैं। जिले में एक जनवरी 2025 से अब तक 5466 मरीजों को टीबी संक्रमित घोषित कर उनका उपचार शुरू किया गया है।
168 दिन के इलाज के बाद लगभग 2994 मरीज ठीक हो चुके हैं। 2472 मरीजों का इलाज अभी चल रहा है। बताया जा रहा है कि इन मरीजों को निक्षय योजना से मिलने वाली एक हजार रुपये की पोषण सहायता राशि पिछले नौ माह से नहीं मिली है। इस वजह से मरीजों को चना, मूंगफली, गुड़, तिल, सत्तू व दूध आदि खरीदने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संवाद