दादा की हत्या में फरार युवक गिरफ्तार
पूरनपुर। जमीन के लालच में फरसा से गर्दन काटकर गांव शिंभुआ निवासी बुजुर्ग किसान चंचल सिंह की 21 फरवरी को हत्या करने के मामले में फरार चल रहे उसके पौत्र बलजिंदर सिंह को कोतवाली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। उसको पूछताछ के बाद चालान कर दिया है। हालांकि तीसरा आरोपी मृतक का बेटा चरनजीत सिंह पुलिस पकड़ से दूर है।
जमीन के विवाद में गांव शिंभुआ निवासी चंचल सिंह की बुधवार को हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र सतनाम सिंह से मिली तहरीर पर पुलिस ने दूसरे बेटे चरनजीत सिंह, पौत्र बलजिंदर सिंह व देवेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना के कुछ देर बाद आरोपी देवेंद्र ने आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसको पुलिस ने दूसरे दिन चालान कर दिया। कोतवाल योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि दूसरे नामजद हत्यारोपी बलजिंदर सिंह को रविवार को असम हाईवे पर एक ढाबा के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। तीसरे आरोपी चरनजीत सिंह की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। ब्यूरो