पीलीभीत। कोरोना की तीसरी लहर लगातार तेजी पकड़ रही है। शुक्रवार को दूसरी बार है जब एक दिन में सौ से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इसमें बीसलपुर के भाजपा विधायक रामसरन वर्मा और जिला अस्पताल के डॉक्टर भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। दो एसएसबी जवान, शहर के एक निजी अस्पताल के कर्मचारी और बड़ौदा बैंक के कुछ कर्मचारी भी संक्रमित मिले हैं। अब स्वास्थ्य विभाग इनके संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस कर उनके सैंपल की जांच करा रहा है।
बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 114 केस मिले थे। गुरुवार को थोड़ी राहत रही और संक्रमण के 70 केस सामने आए, लेकिन शुक्रवार को जिले की टेंशन और बढ़ गई जब एक दिन में आंकड़ा दूसरी बार सौ से पार 113 पर पहुंच गया। सीएचसी पूरनपूर में एक कर्मचारी, बीएसएल -2 लैब में एक कर्मचारी, एसएसबी के दो जवान भी इसमें शामिल हैं। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस करके उनके सैंपल जांच को भेज रहे हैं।
ज्यादातर 20 से 40 साल के लोग हो रहे संक्रमित
कोविड इस बार बीस से चालीस साल के लोगों को ज्यादा शिकार बना रहा है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में दो लोग जरूर 16 साल से ऊपर के मिले। बाकी ज्यादातर बीस से चालीस साल के बीच के हैं। इनमें भी ज्यादातर वे लोग हैं जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई है।
कोविड को लेकर गंभीर नहीं हो रहे लोग
दूसरी लहर के मुकाबले इस बार लोग चपेट में आकर ज्यादा गंभीर बीमार नहीं हो रहे हैं। यही वजह है कि लोग तीसरी लहर में ज्यादा सचेत नहीं हो रहे हैं। कोविड अस्पताल में ही तीन मरीज भर्ती हैं। जबकि दूसरी लहर में अस्पताल बेड कम पड़ गए थे। बाजार हो या कार्यालय लोग बिना मास्क के नजर आ रहे हैं। सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं कर रहे।
भाजपा विधायक मेडिकल कॉलेज में भर्ती
बीसलपुर। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा शुक्रवार को कोरोना की चपेट में आ गए। उन्हें बरेली के भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को उनके संपर्क में आने वाले 35 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजेे हैं। यह जानकारी विधायक प्रतिनिधि विवेक वर्मा ने दी। इधर, सीएचसी अधीक्षक डॉ ठाकुरदास ने विधायक के कोरोना पॉजिटिव होनेे की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विधायक के संपर्क में आने वाले लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। संवाद