उत्तर प्रदेश में खेड़ा महापंचायत में हुए बवाल की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई है कि सरकार से आरपार की लड़ाई की रूपरेखा बनाने के लिए एक और महापंचायत की सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
मंगलवार को गोपनीय पंचायत कर इस बारे में निर्णय लिया गया। हालांकि अभी महापंचायत कब और कहां होगी इसका खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन महापंचायत में 300 गांवों के लोगों के लाखों लोगों को शामिल करने की तैयारी शुरू हो गई है।
उधर, महिलाएं अलग से महापंचायत करने की तैयारी कर रही हैं। खेड़ा महापंचायत के दौरान की गई लाठीचार्ज और फायरिंग के बाद लोगों का गुस्सा कम होने के बजाय बढ़ रहा है।
क्षेत्र के लोग खुलकर तो नहीं बोल रहे हैं, लेकिन अंदर ही अंदर हुंकार भर रहे हैं कि जब तक विधायक संगीत सोम समेत सभी हिंदू नेताओं ओर जनप्रतिनिधियों पर दर्ज मुकदमे नहीं हटेंगे वे शांत बैठने वाले नहीं हैं।
इतना ही नहीं, पुलिस की लाख घेराबंदी के बाद भी खेड़ा महापंचात में हजारों लोगों के पहुंचने को वे अपनी जीत मान रहे हैं। इसी क्रम में सरधना विधानसभा क्षेत्र में एक और महापंचायत की तैयारी शुरू हो गई है।
मंगलवार की गोपनीय पंचायत में आगे होने वाली महापंचायत में 24 गांवों की सोम चौबीसी, 24 गांवों की कुशवाहा चौबीसी, 12 गांवों में तोमरों का बहारा, गहालोत के 60 गांवों का साठा गहलौता, गाजियाबाद के 84 गांवों के तोमरों के चौरासा के साथ ही मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के पुंडीरों के 100 और चौहानों और पंवारों के 54 गांवों के लोगों को शामिल किए जाने की तैयारी है। वहीं रेल यातायात और हाईवे जाम करने की रणनीति बनाई गई है।