मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में एक और लड़की से धर्मांतरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया। अब उसकी मेडिकल रिपोर्ट और 164 के बयान का इंतजार है। हालांकि, लड़की ने हाईकोर्ट में खुद को बालिग बताकर प्रेमी से शादी कर ली है।
मूल रूप से अमरोहा जिले का समुदाय विशेष का एक परिवार तीन साल से खरखौदा क्षेत्र के गांव में रहता है। 21 जुलाई को उनकी लड़की पड़ोसी नितिन के साथ चली गई। परिजनों ने लड़की को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए नितिन और उसके दो साथियों पर केस कराया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हाईकोर्ट में खुद को बालिग बताकर शादी कर ली।
बुधवार को पुलिस ने लड़की को कोर्ट में पेश किया, लेकिन 164 के बयान नहीं हो सके। कोर्ट ने लड़की का मेडिकल और 164 के बयान कराकर पुलिस सुरक्षा देने का आदेश जारी किया। इधर, लड़की बरामद होने का पता लगते दोनों परिवार के लोग कचहरी परिसर पहुंचे। लड़की के परिजनों का कहना है कि लड़की की उम्र 14 साल है। दूसरे समुदाय के युवक ने अगवा कर जबरन धर्मांतरण कराकर लड़की से शादी कर ली।