देश-विदेश में अपना लोहा मनवा चुके पहलवान 16 अक्तूबर को सेक्टर-15 स्थित नयाबांस में आयोजित ऋषिपाल मेमोरियल ट्रस्ट अखिल भारतीय विशाल दंगल में दमखम दिखाएंगे।
किसान नेता ऋषिपाल की याद में उनकी पुण्यतिथि पर बुधवार को दंगल का आयोजन हो रहा है।
इस संबंध में बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृपाराम शर्मा ने बताया कि, कुश्ती में राजस्थान, दिल्ली, यूपी, एमपी और हरियाणा के पहलवान भाग लेंगे।
दंगल की सबसे बड़ी 21 हजार राशि की कुश्ती लाड़पुर अखाड़ा के मनीष और प्रकाश अखाड़ा के फिरे नागर के बीच होगी।
वहीं, 21 हजार राशि की दूसरी कुश्ती हिंद केसरी विक्रम और हरियाणा केसरी सोनू के बीच तो 11 हजार राशि की कुश्ती राजस्थान केसरी चंद्रवीर और बद्री अखाड़े के विनोद के बीच होगी।
उन्होंने बताया कि दंगल में मुख्य 34 कुश्तियां आयोजित होंगी। इसके अलावा अनेक छोटे-बड़े मुकाबले होंगे।
दूसरी तरफ, एमेच्योर कुश्ती संघ दिल्ली के आजीवन अध्यक्ष खलीफा जसराम ने कुश्ती के विकास के लिए बजट बढ़ाने की बात कही है।
इस अवसर पर ट्रस्टी महेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, अतर सिंह, रामपाल अवाना, त्रिलोक शर्मा, राजकुमार, सत्यप्रकाश चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।