ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के नटों की मडै़या गांव में बुधवार रात तेज म्यूजिक बजाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया।
इसमें एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित परिजनों ने 10 लोगों को नामजद करते हुए 22 के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सीओ अनुराग सिंह ने बताया कि रबूपुरा के महमूदपुर जादो गांव निवासी मोहर सिंह का परिवार कासना कोतवाली क्षेत्र के नटों की मडै़या गांव में रहता है।
परिवार में शिवनारायण और सुखवीर सिंह जाटव छोटा-मोटा काम करते हैं। बुधवार देर रात सुखवीर का भतीजा कपिल अपने ऑटो को लेकर घर जा रहा था और उसने तेज म्यूजिक चला रखा था।
रास्ते में किशन जाटव ने उसे रोका और कहा कि यहां से जब निकलोगे तो म्यूजिक नहीं बजाओगे। इस बात को लेकर कपिल और किशन के बीच विवाद हो गया, जिसमें दोनों के बीच मारपीट हो गई। बाद में कपिल और किशन अपने-अपने घर चले गए।
कुछ ही देर बाद किशन अपने परिवार के करीब 22 लोगों के साथ कपिल के घर जा पहुंचा और मारपीट करने लगे। इसी बीच सुखवीर भी वहां पहुंच गया और हंगामे का विरोध किया।
आरोप है कि किशन, प्रदीप, पप्पू, राजेंद्र आदि समेत 10-12 लोगों ने सुखवीर पर चाकू से हमला किया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं कपिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दबंगई दिखाने को हुई हत्या
पुलिस की मानें तो किशन के आठ-नौ भाई हैं और उनका परिवार भी बड़ा है। वह आए दिन गांव में दबंगई के चलते मारपीट करते रहते हैं।
बुधवार रात भी दबंगई दिखाने को लेकर किशन ने विवाद शुरू किया था, जिससे विवाद बढ़कर हत्या तक पहुंच गया।