-थाने पर हंगामे के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। कार से अपने गांव सठेड़ी जा रहे पिता व पुत्र पर दूसरे वर्ग के युवकों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित ने चार नामजद, चार-पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने में हंगामा किया। कस्बे में बवाल होने से बच गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रतनपुरी थाने के गांव सठेड़ी निवासी अक्षय राजपूत शुक्रवार देर रात ढाकन चौक स्थित अपनी पीज्जा की दुकान से पिता डॉ़ नरेंद्र सिंह को कार में बैठाकर गांव जा रहा था। दुकान से करीब पचास मीटर दूर पहुंचा तो रास्ते में दूसरे समुदाय के कुछ युवक खड़े थे। आरोप है कि जब उसने उनको हटने के लिए हार्न बजाया तो वहां खड़े युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। हमलावरों ने धारदार हथियार और सरियों से हमला कर उसे, उसके पिता को घायल कर दिया। कार में तोड़फोड़ की। जब वह कार लेकर जाने लगा तो युवकों ने एक कार से उनकी कार में टक्कर मारी।
मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। हमले के दौरान बाप-बेटा जान बचाकर भागने लगे। शोर सुनकर वहां से गुजर रहे होली चौक निवासी विवेक रहेजा ने दोनों को भीड़ से बचाने का प्रयास किया तो उसे भी धमकी दी गई। अक्षय ने मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी रिहान, शाहवाज, मोहल्ला देवीदास निवासी शाहिद फकीरा, शोएब व चार-पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्रकाश में आए मोहल्ला ढाकन चौक निवासी अमान, मेहरबान, रिहान, शाहिद फकीरा को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
नगर में बवाल होने से बचा
ढाकन चौक अतिसंवेदनशील श्रेणी में आता है। यहीं पर एक पुलिस चौकी भी है। लोगों का कहना है कि झगड़े के दौरान चौकी पर कोई सिपाही मौजूद नहीं था। चौकी पर पुलिस मौजूद होती तो शायद झगड़ा नहीं होता।
पुलिस चौकी के सीसीटीवी कैमरे खराब
ढाकन चौक पर दो समुदायों के बीच हमले की घटना को लेकर पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही, जबकि चौकी के कैमरे काफी दिनों से खराब पड़े थे। पुलिस ने एक दुकान के कैमरे की फुटेज देखने के बाद डीवीआर को रात में ही कब्जे में ले लिया। पुलिस चौकी के कैमरे ठीक होते तो घटना की सच्चाई जानने के लिए पुलिस को दौड़ना न पड़ता।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर हंगामा
इस घटना से पूरे नहर में माहौल गर्मा गया था। रात में ही भाजपा तथा हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने थाने पहुंच कर हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। अश्वासन मिनने पर रात करीब ड़ेढ़ बजे के बाद कार्यकर्ता थाने से लौट गए।