-अलीपुर खेड़ी-लालूखेड़ी स्थित पोस्ट ऑफिस में गबन का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
तितावी। अलीपुर खेड़ी-लालूखेड़ी स्थित पोस्ट ऑफिस में गबन के आरोपी पूर्व डाकपाल वीरेन्द्र ने कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया। इस मामले में कोई और तो पीड़ित नहीं है, इसके लिए पुलिस ने जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के अलीपुर खेड़ी-लालूखेड़ी स्थित पोस्ट आफिस में पूर्व डाकपाल वीरेन्द्र निवासी टांडा थाना चरथावल ने अपनी तैनाती के दौरान पोस्ट आफिस के खाता धारकों के खातों से करीब उन्नीस लाख रुपये की हेराफेरी कर गबन किया था।
खाताधारकों की शिकायत के आधार पर डाक अधीक्षक पश्चिमी हरि कृष्ण ने जांच की थी। इसमें खाताधारकों की शिकायत सही मिली थी। इसके बाद डाक अधीक्षक जांच अधिकारी हरि कृष्ण ने इस मामले में तितावी थाने पर उन्नीस लाख रुपये गबन का मुकदमा उक्त पूर्व डाकपाल वीरेन्द्र सिंह के खिलाफ दर्ज कराया था।
मुकदमे के बाद से पूर्व डाकपाल वीरेंद्र फरार था। तितावी पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान खाताधारकों के खातो से पैसों की हेराफेरी का मामला करीब अड़तीस लाख रुपये का निकला था। तितावी पुलिस ने अपनी विवेचना में शामिल कर लिया था।
आरोपी पूर्व डाकपाल की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी हुई थी, जिसमें तितावी पुलिस ने उक्त आरोपी पूर्व डाकपाल के घर पर मुनादी कराकर कुर्की सम्बन्धित नोटिस भी लगाया था। रुपये के गबन के मामले में खुद को घिरता देख पूर्व डाकपाल वीरेन्द्र सिंह तितावी पुलिस को चकमा देकर एक सप्ताह पहले न्यायालय में सरेंडर कर जेल चला गया।
तितावी पुलिस गबन के आरोपी पूर्व डाकपाल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने व पैसों की बरामदगी करने की तैयारी कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि अगर अलीपुर खेड़ी-लालूखेड़ी क्षेत्र निवासी किसी और अन्य खाताधारक के साथ गबन का मामला हुआ है तो वह तितावी थाने पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।