क्रिकेट खेलने के दौरान फायरिंग में युवक घायल
मुजफ्फरनगर। साकेत कॉलोनी स्थित ब्राह्मण कॉलेज के ग्राउंड में क्रिकेट खेल रहे युवकों के दो गुटों के बीच मंगलवार शाम मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। इसमें एक युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। देर शाम तक मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई थी।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के साकेत कॉलोनी में महामना मालवीय इंटर कॉलेज (ब्राह्मण कॉलेज) का मैदान है। मंगलवार शाम क्षेत्र के युवक कॉलेज के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया और जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें बसंत विहार निवासी मनीष पैर में गोली लगने से घायल हो गया। युवक को गोली लगते ही मैदान में अफरातफरी मच गई और अन्य युवक वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल ले गई, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। मामले में देर शाम तक किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई थी।
लोगों ने जताई नाराजगी
ब्राह्मण कॉलेज मैदान में मंगलवार शाम हुई फायरिंग की घटना पर स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वैसे तो कॉलेज ग्राउंड की चारदीवारी बनी हुई है, लेकिन असामाजिक तत्व और क्षेत्र के युवा दीवार फांदकर अंदर घुस जाते हैं। इसके बाद रोजाना ही इस मैदान में जुआ व नशाखोरी की जाती रहती है। इसकी शिकायत कई बार कॉलेज प्रबंधन के साथ ही पुलिस से भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।