कूलर में उतरे करंट से युवक की मौत
मुजफ्फरनगर, तितावी। गांव पीरबढ़ में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आकर नव विवाहित युवक की मौत हो गई। तीन दिन पहले ही युवक की शादी हुई थी। शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव पीरबढ़ निवासी युवक परविंदर उर्फ टिंकू की शादी बुधवार को बघरा निवासी सौराज की बेटी वर्षा के साथ हुई थी। शुक्रवार दोपहर को परविंदर घर में कूलर के तार जोड़ रहा था। वह नंगे पैर था। तभी अचानक कूलर में उतरे करंट की चपेट में वह आ गया। वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।